चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में बिरसा मुंडा इंडोर स्टेडियम, चाईबासा में एसआर रूंगटा ग्रुप के प्रायोजन में चल रही 28वीं एसआर रूंगटा मेमोरियल जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप-2026 के दूसरे दिन भी विभिन्न वर्गों के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।
अंडर-13 बालिका एकल में मंजीता बिरुआ ने अनुष्ठा बिरुआ को हराकर खिताब अपने नाम किया। वहीं अंडर-15 बालिका एकल में भी मंजीता बिरुआ ने श्रद्धा कर्मकार को सीधे सेटों में 15-13, 15-8 से हराकर खिताब जीत लिया। अंडर-17 बालिका एकल में अमृता कुजूर ने सुभानी बारी को 15-4, 15-5 से हराकर खिताब हासिल किया।
अंडर-13 बालिका युगल में अनन्या सिंकु और अनुष्ठा बिरुआ की जोड़ी ने प्रसिद्धी त्रिपाठी और तृषा चटर्जी की जोड़ी को हराकर खिताब अपने नाम किया। महिला युगल में शैरोन एवेंजलिन कुजूर और माही कच्छप की जोड़ी ने सलोनी बिरुआ और सुप्रिया सिद्धू की जोड़ी को हराकर खिताब जीता।
अंडर-13 बालक एकल के फाइनल में दिलशाद आलम ने हर्षरंजन कोड़ाह को हराकर खिताब अपने नाम किया। अंडर-15 बालक एकल में अमन देवगम ने सुजल बागे को हराकर जीत दर्ज की।
अंडर-13 बालक युगल में अभिजीत पिंगुआ और अमरदीप पूर्ति की जोड़ी ने नवनीत प्रधान और गगन बानरा की जोड़ी को सीधे सेटों में 15-11, 15-13 से हराकर खिताब जीता। अंडर-15 बालक युगल में संजय हांसदा और साहिल नायक की जोड़ी ने वेदांत सतपति और उत्कर्ष हांसदा की जोड़ी को 15-14, 15-6 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
अंडर-17 बालक एकल के फाइनल में संजय बिरहोर का मुकाबला अमन देवगम से होगा। अंडर-19 बालक एकल के फाइनल में सूरज प्रकाश तामसोय और हर्षदीप बिरुआ आमने-सामने होंगे। अंडर-17 बालक युगल के फाइनल में संजय देवगम और जोतिन बिरुआ की जोड़ी का मुकाबला संजय बिरहोर और सूरज जारिका की जोड़ी से होगा। वहीं अंडर-19 बालक युगल के फाइनल में शिवचरण पूर्ति और सूरज जारिका की जोड़ी का मुकाबला आदित्य रावत और हर्षदीप बिरुआ की जोड़ी से होगा।
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले 13 अगस्त को खेले जाएंगे। फाइनल समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कोल्हान डीआईजी अनुरंजन किसपोट्टा उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी पश्चिम सिंहभूम जिला बैडमिंटन एसोसिएशन चाईबासा के सचिव अशोक जोशी ने दी।

