जमशेदपुर। पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल में नए पुल और मुख्य लाइन के लिंकिंग कार्य के लिए प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य का असर ईस्ट कोस्ट रेलवे से जुड़ी कई ट्रेनों के परिचालन पर पड़ेगा। राजेंद्र पुल-हाथीदह-ताल-रामपुर सेक्शन में एनआई कार्य के कारण 21 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक कुछ ट्रेनों को रद्द और कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाने का निर्णय लिया गया है। ईस्ट कोस्ट रेलवे के प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक कार्यालय की ओर से इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
अधिसूचना के अनुसार 24 सितंबर को ट्रेन संख्या 03230 पटना-किऊल एक्सप्रेस, 25 सितंबर को 03229 किऊल-पटना एक्सप्रेस, 26 सितंबर को 18405 पुरी-पटना एक्सप्रेस तथा 27 सितंबर को 18406 पटना-पुरी एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इसके अलावा 1 अक्टूबर को 03230 पटना-किऊल एक्सप्रेस, 2 अक्टूबर को 03229 किऊल-पटना एक्सप्रेस, 1 अक्टूबर को 18419 पुरी-जयनगर एक्सप्रेस तथा 3 अक्टूबर को 18420 जयनगर-पुरी एक्सप्रेस का परिचालन भी रद्द रहेगा।
वहीं संबलपुर-गोरखपुर एक्सप्रेस की कई यात्राओं को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 15027 और 15028 को निर्धारित तिथियों में किऊल, मोकामा और बरौनी के रास्ते चलाने का निर्णय लिया गया है। इन ट्रेनों को संबलपुर-राउरकेला-बोकारो-किऊल-सीतामढ़ी के मौजूदा मार्ग के बजाय परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। 25 सितंबर से 4 अक्टूबर के बीच अलग-अलग तिथियों में इन ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन प्रभावी रहेगा। रेलवे ने यात्रियों को इसकी जानकारी पहले से देने तथा संबंधित सिस्टम में समय और मार्ग की जानकारी अपडेट करने का निर्देश दिया है।
इधर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के परिचालन को सुचारु बनाने के लिए मेमू पैसेंजर ट्रेनों के टर्मिनल में किया गया बदलाव भी जारी रखने का निर्णय लिया गया है। ट्रेन संख्या 68004 गुवा-टाटानगर, 68019 टाटानगर-गुवा, 68020 गुवा-टाटानगर और 68009 टाटानगर-चक्रधरपुर मेमू पैसेंजर का टर्मिनल 27 जुलाई से 10 अगस्त तक टाटानगर के स्थान पर आदित्यपुर किया गया था। इससे टाटानगर यार्ड में भीड़ कम करने के साथ ट्रेनों के डिटेंशन में सुधार हुआ और यात्रियों की लेटलतीफी संबंधी शिकायतों में कमी आई।
इसी सकारात्मक परिणाम को देखते हुए इन ट्रेनों का टर्मिनल परिवर्तन 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक अगले 15 दिनों के लिए बढ़ा दिया गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार टाटानगर यार्ड को डीकंजेस्ट करने में इस व्यवस्था से काफी मदद मिली है।
इसके अलावा आरआरबी की परीक्षा में शामिल होने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए टाटानगर-रामगढ़ परीक्षा स्पेशल ट्रेन संख्या 08181/08182 का परिचालन भी बढ़ाया गया है। परीक्षा स्पेशल ट्रेन पहले निर्धारित अवधि के बाद भी चलती रहेगी। ट्रेन संख्या 08181 टाटानगर-रामगढ़ और 08182 रामगढ़-टाटानगर का परिचालन निर्धारित समय, ठहराव और कोच संरचना के अनुसार किया जाएगा। टाटानगर-रामगढ़ परीक्षा स्पेशल की विस्तारित अवधि 17 से 21 अगस्त तथा रामगढ़-टाटानगर परीक्षा स्पेशल की विस्तारित अवधि 18 से 22 अगस्त तक निर्धारित की गई है। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा और परीक्षा में जाने वाले अभ्यर्थियों की अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है।

