एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान में हुई दसवीं भजन संध्या, करीब 25 हजार लोगों के लिए महाभंडारे का आयोजन
जमशेदपुर: श्रावण माह की दूसरी सोमवारी पर सोमवार को शहर में भक्ति और आस्था का माहौल देखने को मिला। एग्रिको स्थित ट्रांसपोर्ट मैदान में श्री नीलकंठ महादेव संघ की ओर से आयोजित दसवीं भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। प्रसिद्ध भजन गायकों दीपक लक्खा, राजू सिंह अनुरागी और स्नेहा सिंह की प्रस्तुतियों पर देर रात तक श्रद्धालु भक्ति में झूमते रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरे मैदान में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजते रहे।
भजन संध्या की शुरुआत राजू सिंह अनुरागी ने गणेश वंदना से की। इसके बाद उन्होंने ‘बम बम बोल रहा है काशी’ और ‘जो राम का नहीं वो किसी काम का नहीं’ सहित कई भजनों की प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुतियों के दौरान श्रद्धालु भक्ति के रंग में नजर आए।
इसके बाद मंच पर स्नेहा सिंह ने ‘जय भवानी, हर हर महादेव, जय श्री महाकाल’ के उद्घोष के साथ प्रस्तुति शुरू की। उन्होंने ‘हमरी लेलो खबरिया, गौरां के संवारिया’, ‘डमरू वाले बाबा तुमको आना होगा, डम डम डमरू बजाना होगा’ और ‘आदि शक्ति नमो नमः’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। उनके भजनों पर श्रद्धालुओं ने देर रात तक तालियां बजाईं और भक्ति में झूमते रहे।
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण चंडीगढ़ से पहुंचे भजन गायक दीपक लक्खा रहे। उनकी आवाज में गायक लखबीर सिंह लक्खा की झलक सुनकर श्रद्धालु काफी उत्साहित नजर आए। ‘जूनियर लक्खा’ के नाम से पहचान बनाने वाले दीपक लक्खा ने ‘श्री राम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’ और ‘जय शम्भू जय जय शम्भू’ से शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने भगवान शिव को समर्पित कई भजनों की प्रस्तुति दी, जिस पर पूरा मैदान भक्ति के माहौल में डूब गया।
भजन संध्या के दौरान मंच पर 8 फीट की बाबा बर्फानी की प्रतिमा और त्रिशूल धारण किए शिव की विशाल आकृति भी आकर्षण का केंद्र रही। आयोजन स्थल पर की गई सजावट और धार्मिक प्रतीकों ने कार्यक्रम के माहौल को और प्रभावी बनाया। मंच का संचालन विशाल म्यूजिक के संयोजक विशाल सिंह ने किया।
25 हजार श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारा
आयोजन के दौरान करीब 25 हजार श्रद्धालुओं के लिए महाभंडारे की व्यवस्था की गई थी। बड़ी संख्या में लोगों ने भोग-प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए संघ के कार्यकर्ता व्यवस्थाओं में लगातार जुटे रहे।
कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास समेत शहर की कई सामाजिक और धार्मिक हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें ललित दास, गुंजन यादव, विनोद सिंह, सतबीर सिंह सोमू, कृतजीत सिंह रॉकी, सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद मिश्रा, कुलवंत सिंह बंटी, भूपिंदर सिंह, शिवशंकर सिंह, सन्नी सिंह, चंचल भाटिया और राजेश कुमार शर्मा सहित अन्य लोग शामिल थे।
आयोजन को सफल बनाने में नीलकंठ महादेव संघ के कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पंकज कुमार, अरविंद कुमार, बालकृष्ण प्रसाद, जितेन्द्र प्रसाद, अजीत कुमार, रणवीर मंडल, राजेश कुमार सिंह, मुनीम सिंह, राज सिंह, रवि शंकर सिंह, विकास कुमार, मंजीत, राजू सानन, जयपाल भगत, गौरव सिंह, संतोष शर्मा, मनोज कुमार और विश्वजीत राय समेत अन्य सदस्यों ने व्यवस्थाओं में योगदान दिया।
श्रावण की दूसरी सोमवारी पर आयोजित यह भजन संध्या देर रात तक चली। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ और लगातार गूंजते शिव भजनों ने शहर में शिवभक्ति का माहौल बना दिया।

