Breaking
Tue. Sep 1st, 2026

झारखंड बंद को अनिल मोदी ने बताया ऐतिहासिक, कहा- जमशेदपुर में लोगों ने स्वतः बंद रखे प्रतिष्ठान

जमशेदपुर। रांची में अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई और लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आहूत झारखंड बंद को भाजपा नेता एवं जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी ने जमशेदपुर में पूरी तरह सफल बताया है।

अनिल मोदी ने कहा कि जमशेदपुर में बंद पूरी तरह स्वतःस्फूर्त रहा। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने स्वयं आगे बढ़कर अपने प्रतिष्ठान बंद रखे और सरकार की कार्रवाई के प्रति अपना विरोध दर्ज कराया। उन्होंने कहा कि छात्रों के शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन को लाठी के बल पर दबाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि भाजपा छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों और उनकी जायज मांगों के समर्थन में मजबूती से खड़ी है। सरकार को दमनात्मक रवैया छोड़कर छात्रों के साथ संवाद स्थापित करना चाहिए और उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।

अनिल मोदी ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान संवाद और लोकतांत्रिक तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने बंद को सफल बनाने में सहयोग करने वाले जमशेदपुर के लोगों के प्रति आभार भी जताया।

Related Post