Breaking
Mon. Oct 12th, 2026

छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का चक्का जाम, चतरा में थमा यातायात जेपीएससी-जेएसएससी परीक्षा में कथित धांधली के विरोध में राज्यव्यापी आंदोलन, दुकानों से लेकर सड़कों तक दिखा असर

चतरा: रांची में विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस के इस्तेमाल के विरोध में मंगलवार को भाजपा द्वारा आहूत राज्यव्यापी चक्का जाम का चतरा में व्यापक असर देखने को मिला। भाजपा जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ता झंडा-बैनर के साथ सड़क पर उतरे और वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप करा दिया।

चक्का जाम के दौरान शहर की अधिकांश दुकानें भी बंद रहीं। सड़क पर भाजपा कार्यकर्ताओं के उतरने के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं एवं बहाली प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सरकार जेपीएससी की नौकरी बेचना बंद करे। उन्होंने कहा कि जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़ी सभी बहालियों एवं परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच ईडी और सीबीआई से कराई जानी चाहिए, ताकि युवाओं के भविष्य के साथ किसी प्रकार का खिलवाड़ न हो। भाजपा नेताओं ने कहा कि छात्रों के लोकतांत्रिक आंदोलन पर लाठीचार्ज, वाटर कैनन और आंसू गैस का इस्तेमाल सरकार की दमनकारी नीति को दर्शाता है। इसी के विरोध में पार्टी ने राज्यव्यापी चक्का जाम का आह्वान किया था। चतरा में चक्का जाम के दौरान भाजपा कार्यकर्ता सड़क पर डटे रहे, जिसके चलते वाहनों का परिचालन काफी देर तक बाधित रहा।

Related Post