सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। कांड्रा थाना पुलिस की गिरफ्त में रहे भाकपा माओवादी संगठन के तीन सदस्यों से पूछताछ के बाद सुरक्षा बलों ने कुचाई और चांडिल के दुर्गम जंगलों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान माओवादियों द्वारा जंगल में छिपाकर रखे गये गुप्त डंप का पता लगाकर वहां से भारी मात्रा में हथियार, कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार कांड्रा थाना में दर्ज एक मामले की जांच के क्रम में अदालत के आदेश पर तीन माओवादियों को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई थी। रिमांड पर लिये गये आरोपियों में भाकपा माओवादी के सब जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर, रीजनल कमेटी सदस्य तथा बंगाल-झारखंड-ओडिशा सीमांत कमेटी के सदस्य मदन महतो चरण उर्फ शंकर महतो और सब जोनल कमांडर मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया शामिल हैं।
पूछताछ के दौरान तीनों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस को जंगलों में संगठन के हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामग्री छिपाकर रखे जाने की जानकारी मिली। इसके बाद झारखंड पुलिस, 209 कोबरा खूंटी और 26वीं वाहिनी एसएसबी रांची की संयुक्त टीम ने चिन्हित इलाकों में अभियान शुरू किया।
सुरक्षा बलों ने कुचाई थाना क्षेत्र के सिकरम्बा जंगल के अलावा चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी गांव के ऊपर दलमा क्षेत्र के घने और दुर्गम जंगलों में सघन तलाशी अभियान चलाया। कई घंटे तक चले अभियान के दौरान टीम को माओवादियों का गुप्त डंप मिला। सुरक्षा बलों ने डंप को कब्जे में लेकर उसमें रखे हथियार, कारतूस और विस्फोटक बरामद किये तथा डंप को नष्ट कर दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामदगी के बाद नक्सल संगठन की गतिविधियों और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। रिमांड पर लिये गये तीनों माओवादियों से पूछताछ के आधार पर आगे भी अभियान चलाये जाने की संभावना है।
पूरे अभियान की निगरानी सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी, सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज और चांडिल एसडीपीओ शिव प्रकाश कुमार ने की। अभियान में एसएसबी के उप समादेष्टा शक्ति सिंह और 209 कोबरा के सहायक समादेष्टा विपुल राज के अलावा कांड्रा थाना प्रभारी विनोद कुमार मुर्मू, चांडिल थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी, नीमडीह थाना प्रभारी दिलशान विरुवा, सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार, खरसावां थाना प्रभारी राहुल सिंह, कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र मुंडा और चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार समेत बड़ी संख्या में सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

