Breaking
Sun. Sep 20th, 2026

दूसरी ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी बनी जानलेवा, चलती टाटा\-छपरा एक्सप्रेस से उतरने में एक युवक की मौत, साथी घायल

आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर रेलवे स्टेशन के पास सोमवार को चलती ट्रेन से उतरने की कोशिश करना दो युवकों के लिए भारी पड़ गया। दूसरी ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में दोनों ने टाटा-छपरा एक्सप्रेस के पूरी तरह रुकने से पहले ही नीचे उतरने का प्रयास किया। इस दौरान संतुलन बिगड़ने से दोनों प्लेटफॉर्म के नीचे गिर गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

आरपीएफ के अनुसार, दोनों युवक आदित्यपुर स्टेशन पर ट्रेन के रुकने से पहले ही उतरने की कोशिश कर रहे थे। बताया जाता है कि उन्हें दूसरी ट्रेन पकड़नी थी, जिसके कारण वे जल्दबाजी में चलती ट्रेन से कूद पड़े। ट्रेन की गति अधिक होने के कारण दोनों अपना संतुलन नहीं संभाल सके और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। घायल युवक को तत्काल अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृत युवक की प्रारंभिक पहचान जॉयचंडी निवासी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह आदित्यपुर में अपने रिश्तेदार के घर आया हुआ था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है। मामले की जांच जारी है।

Related Post