रांची/नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। सूरत के आरटीआई कार्यकर्ता अमित तिवारी ने चुनाव आयोग, सेंट्रल बोर्ड ऑफ इनडायरेक्ट टैक्सेज एंड कस्टम्स (CBIC) और महाराष्ट्र सरकार के समक्ष शिकायत दर्ज कर अभिजीत दीपके एवं उनके परिवार की आर्थिक स्थिति की जांच कराने की मांग की है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिजीत दीपके के पिता भगवानराव दीपके, जो महाराष्ट्र इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MIDC) में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे, उनके वेतन के आधार पर परिवार द्वारा बच्चों की अमेरिका में पढ़ाई का खर्च उठाने को लेकर सवाल उठते हैं। शिकायतकर्ता ने परिवार की आय, संपत्तियों और वित्तीय स्रोतों की जांच की मांग की है।
अमित तिवारी ने राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल द्वारा कथित तौर पर दिए गए एक करोड़ रुपये के फंड का भी उल्लेख करते हुए CBIC से इस राशि की जांच तथा लागू कर नियमों के तहत कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा चुनाव आयोग और महाराष्ट्र सरकार से भी मामले की जांच कराने का अनुरोध किया गया है।
फिलहाल यह शिकायत जांच के लिए संबंधित एजेंसियों को भेजी गई है। समाचार लिखे जाने तक अभिजीत दीपके या CJP की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

