Breaking
Sat. Aug 1st, 2026

संत जेवियर्स स्कूल में संत इग्नासियस लोयला दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला में संत इग्नासियस लोयला दिवस के अवसर पर संत जेवियर्स स्कूल, सोनुवा में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मनोहरपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक जगत माझी शामिल हुए। विद्यालय पहुंचने पर विद्यालय प्रबंधन एवं छात्र-छात्राओं ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक जगत माझी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद छात्र-छात्राओं ने स्वागत गीत, समूह नृत्य, देशभक्ति गीत, आदिवासी लोकनृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा और अनुशासन की सभी ने सराहना की।

अपने संबोधन में विधायक जगत माझी ने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के भविष्य को मजबूत बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि आज के विद्यार्थी ही देश का भविष्य हैं, इसलिए उन्हें ईमानदारी, अनुशासन और मेहनत के साथ शिक्षा ग्रहण करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि एक अच्छा इंसान बनना, समाज के प्रति जिम्मेदार होना और नैतिक मूल्यों को अपनाना भी है। विद्यालयों में मिलने वाली शिक्षा बच्चों के व्यक्तित्व का निर्माण करती है और उन्हें जीवन की चुनौतियों का सामना करने योग्य बनाती है।

विधायक ने अभिभावकों से अपने बच्चों की पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि बेहतर शिक्षा और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराना परिवार की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।

विद्यालय के प्राचार्य फादर अमृत कुजूर ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संत इग्नासियस लोयला के जीवन, उनके आदर्शों तथा शिक्षा और सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को संत इग्नासियस के आदर्शों से प्रेरणा लेकर ज्ञान, अनुशासन और सेवा की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यालय के सचिव फादर वाल्टर कोनगाड़ी, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सागर महतो, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Related Post