जमशेदपुर: शहर में मलेरिया और डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच जुगसलाई नगर परिषद क्षेत्र में एंटी लारवा छिड़काव की मांग तेज हो गई है। शुक्रवार को जुगसलाई नगर परिषद के पार्षद अनिल मोदी और सत्यनारायण अग्रवाल ने जिले के सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल से मुलाकात कर पूरे जुगसलाई क्षेत्र में अविलंब एंटी लारवा का छिड़काव कराने की मांग की।
पार्षदों ने बताया कि जुगसलाई नगर परिषद घनी आबादी वाला इलाका है, लेकिन वर्तमान में नगर परिषद की ओर से एंटी लारवा का छिड़काव नहीं कराया जा रहा है। इससे मलेरिया और डेंगू जैसी मच्छरजनित बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ता जा रहा है। उन्होंने जनस्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि सामान्यतः ग्रामीण क्षेत्रों में एंटी लारवा छिड़काव स्वास्थ्य विभाग कराता है, जबकि शहरी क्षेत्रों में इसकी जिम्मेदारी संबंधित नगर निकाय की होती है। हालांकि जुगसलाई की गंभीर स्थिति और घनी आबादी को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग हरसंभव सहयोग करेगा।
मुलाकात के दौरान सिविल सर्जन ने टाटा स्टील यूआईएसएल (पूर्व जुस्को) के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर जुगसलाई के संवेदनशील इलाकों में जल्द छिड़काव कराने का अनुरोध किया। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि 1 अगस्त से चिन्हित संवेदनशील क्षेत्रों में एंटी लारवा छिड़काव अभियान शुरू कर दिया जाएगा।
पार्षद अनिल मोदी और सत्यनारायण अग्रवाल ने स्वास्थ्य विभाग और टाटा स्टील यूआईएसएल का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि सभी एजेंसियों के समन्वित प्रयास से जुगसलाई में मलेरिया और डेंगू की रोकथाम के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।

