चाईबासा: संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के अवसर पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पश्चिमी सिंहभूम जिला के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने चाईबासा के भुईयां टोली स्थित संत रविदास मंदिर में पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की और माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान संत रविदास महाराज के विचारों को स्मरण करते हुए सामाजिक समरसता, समानता और भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संत रविदास महाराज ने अपने जीवन और विचारों के माध्यम से मानवता, समानता और भेदभावमुक्त समाज का संदेश दिया। उनके बताए आदर्श आज भी समाज को एकजुट करने और सभी वर्गों के बीच आपसी सद्भाव स्थापित करने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि समाज में ऊंच-नीच और भेदभाव समाप्त कर सभी लोगों को समान सम्मान देने की भावना को मजबूत करना समय की आवश्यकता है।
भाजपा नेताओं ने लोगों से संत रविदास महाराज के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने तथा सामाजिक समरसता और सौहार्द का वातावरण बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास का संदेश आज भी समाज को नई दिशा देने का काम करता है और सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की प्रेरणा देता है।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने चाईबासा के विभिन्न मंदिरों में घी, तेल, बत्ती, अगरबत्ती सहित अन्य पूजन सामग्री भी उपलब्ध कराई। कार्यकर्ताओं ने इसे भारतीय संस्कृति, आस्था और सेवा भाव से जुड़ा प्रयास बताया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक जवाहरलाल बानरा, भाजपा नेता रमेश खिरवाल लड्डू, चंद्रमोहन टीयू, पवन शर्मा, मुकेश कुमार लल्लू, रितेश कुमार पिंटू, राम अवतार राम रवि, विप्लव सिंह और रूपा दास सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं बस्तीवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी ने संत रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलने और समाज में समानता, सम्मान, भाईचारा तथा सामाजिक समरसता को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

