Breaking
Sun. Nov 8th, 2026

जयालक्ष्मी नाट्य कला मंदिरम ने दुर्गा प्रसाद राव की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

जमशेदपुर: जयालक्ष्मी नाट्य कला मंदिरम की ओर से काशीडीह सेंटर में मंगलवार को संस्था के आजीवन मुख्य संरक्षक, समाजसेवी, कलाप्रेमी एवं रंगकर्मी सी.एच. दुर्गा प्रसाद राव की छठी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस दौरान संस्था के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि संस्था की अनेक उपलब्धियों के पीछे दुर्गा प्रसाद राव का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। तेलुगु भाषी होने के बावजूद उन्होंने हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। वे हिंदी के अच्छे वक्ता, शिक्षक और रंगकर्मी थे। संस्था का प्रतीक वाक्य “शुभम् अस्तु श्री रस्तु” भी उनकी ही देन है।

संस्था के अध्यक्ष एवं ट्रस्टी ए. बाबू राव ने दुर्गा प्रसाद राव को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया। बलराम पारवे ने कहा कि उनके सुझाव और मार्गदर्शन से संस्था को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली। पवन कुमार ने कहा कि सभी को अपने गुरुजनों का सम्मान करते हुए उनके आदर्शों पर चलना चाहिए। वहीं अखिलेश यादव ने भी उनके बताए मार्ग का अनुसरण करने की अपील की।

वक्ताओं ने बताया कि दुर्गा प्रसाद राव टाटा स्टील के बिजली विभाग में कार्यरत रहते हुए भी सुरक्षा नाटकों के मंचन तथा शहर और राष्ट्रीय स्तर की विभिन्न नाट्य प्रतियोगिताओं में सक्रिय भूमिका निभाते रहे। संस्था ने संकल्प लिया कि वह उनके आदर्शों और विचारों को आगे बढ़ाते हुए सांस्कृतिक गतिविधियों को निरंतर जारी रखेगी।

Related Post