चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल गोलचक्कर पर रविवार को एक पेट्रोल से भरे कंटेनर में अचानक आग लगने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग कंटेनर के इंजन वाले हिस्से में लगी थी और यदि समय रहते उस पर काबू नहीं पाया जाता तो लपटें पेट्रोल टैंक तक पहुंच सकती थीं, जिससे बड़ा विस्फोट होने की आशंका थी। हालांकि, चांडिल थाना पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते संभावित बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कंटेनर से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने सबसे पहले आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित दूरी पर हटाया, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने आग को पेट्रोल टैंक तक पहुंचने से पहले ही पूरी तरह नियंत्रित कर लिया, जिससे संभावित विस्फोट और बड़े नुकसान की आशंका समाप्त हो गई।
इस घटना के दौरान कुछ समय के लिए चांडिल गोलचक्कर पर यातायात भी प्रभावित रहा, लेकिन आग बुझने के बाद स्थिति सामान्य हो गई। पुलिस की सतर्कता, सूझबूझ और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के कारण इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि या बड़ी क्षति नहीं हुई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली और प्रशासन की तत्परता की सराहना की।

