Breaking
Thu. Oct 15th, 2026

*सीआरपीएफ अधिकारी बनकर साइबर ठग ने पार्लर संचालिका से 17 हजार रुपये ठगे*

चक्रधरपुर: चक्रधरपुर शहर के राजबाड़ी रोड स्थित एक पार्लर संचालिका साइबर ठगी का शिकार हो गईं। ठग ने खुद को सीआरपीएफ कैंप का अधिकारी बताकर विश्वास में लिया और उनके बैंक खाते से 17 हजार रुपये की ठगी कर ली। पीड़िता ने मामले की शिकायत संबंधित थाना में दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, राजबाड़ी रोड निवासी अनुपमा गुप्ता के मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। उसने स्वयं को सीआरपीएफ कैंप का अधिकारी बताते हुए कहा कि उसकी पत्नी का मेकअप करवाना है। बातचीत के दौरान उसने अनुपमा गुप्ता का विश्वास जीत लिया और बैंक खाते तथा क्यूआर (बार) कोड से जुड़ी जानकारी हासिल कर ली।

इसके बाद साइबर ठग ने दो अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से पहले 10 हजार रुपये और फिर 7 हजार रुपये उनके बैंक खाते से निकाल लिए। जब तक अनुपमा गुप्ता को ठगी का एहसास हुआ, तब तक उनके खाते से कुल 17 हजार रुपये की निकासी हो चुकी थी।

घटना के बाद अनुपमा गुप्ता ने संबंधित थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और साइबर ठग की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, यूपीआई पिन या क्यूआर कोड से जुड़ी जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध कॉल या ऑनलाइन लेनदेन की स्थिति में तुरंत सतर्क रहें और साइबर ठगी होने पर तत्काल पुलिस या साइबर हेल्पलाइन से संपर्क करें।

Related Post