Breaking
Sat. Jul 25th, 2026

नीट-सीबीएसई परीक्षा अनियमितताओं और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में कांग्रेस का मौन सत्याग्रह, निकाला कैंडल मार्च

चाईबासा: जिला कांग्रेस कमेटी, पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में शनिवार को नीट और सीबीएसई परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा दिल्ली में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में घंटाघर चौक के पास मौन सत्याग्रह आयोजित किया गया। इसके बाद घंटाघर से पोस्ट ऑफिस चौक तक कैंडल लेकर शांतिपूर्ण विजय मार्च निकाला गया।

कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और सुधार की मांग उठाई। साथ ही छात्रों के समर्थन में लोकतांत्रिक और अहिंसक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रंजन बोयपाई ने कहा कि देश के करोड़ों विद्यार्थियों का भविष्य किसी भी प्रकार की परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से प्रभावित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र अपने अधिकारों के लिए शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उन पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान की भावना के अनुरूप नहीं है। उन्होंने केंद्र सरकार से परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी और जवाबदेह बनाने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।

जिला कांग्रेस प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि यह विजय मार्च देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के संघर्ष तथा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व को समर्पित है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की आवाज सबसे बड़ी ताकत होती है और छात्रों व युवाओं के हितों की रक्षा के लिए कांग्रेस आगे भी संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के अधिकारों से जुड़ा विषय है।

कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, विद्यार्थियों के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर नितिमा बारी, मयाधर बेहरा, दीनबंधु बोयपाई, सन्नी सिंकु, प्रीतम बांकिरा, रंजीत यादव, रितेश तामसोय, चंद्र भूषण बिरुवा, सकारी दोंगो, कैरा बिरुवा, जगदीश सुंडी, बालेमा कुई, जम्बी कुदादा, मंजु बिरुवा, राधा मोहन बनर्जी, प्रतीक कुमार, मो. फिरोज अहमद, विक्रमादित्य सुंडी, मो. ईमरान, सत्याशीला हेम्ब्रम, रायमुनी कुंटिया, रीता पुरती, रजनीश बिरुवा, सावित्री सिरका, महावीर प्रसाद, गुरुचरण सिंकु, अमृत माझी, शैली शैलेन्द्र सिंकु, हेमंत भंज और सुशील दास सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Post