Breaking
Fri. Jul 24th, 2026

वर्षों से बदहाल दमाकी-मानपुर सड़क पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, मरम्मत नहीं हुई तो सड़क जाम की चेतावनी

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड अंतर्गत दमाकी से मानपुर जाने वाली सड़क की बदहाली को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आ गया है। वर्षों से जर्जर पड़ी इस सड़क पर बारिश के दौरान बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन बेहद कठिन हो गया है। सड़क की स्थिति से परेशान ग्रामीणों, शिक्षकों और छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क की मरम्मत शुरू नहीं हुई तो वे सड़क जाम कर आंदोलन करने को मजबूर होंगे।

ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क कई गांवों को जोड़ने वाला प्रमुख मार्ग है। इसी रास्ते से छात्र-छात्राएं इंटर स्तर तक संचालित विद्यालय पहुंचते हैं, जबकि मरीजों को अस्पताल जाने के लिए भी इसी सड़क का सहारा लेना पड़ता है। लेकिन सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि बरसात में पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। कई स्थानों पर बने बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं और गांव का दूसरे क्षेत्रों से संपर्क भी प्रभावित हो रहा है।

सड़क की दुर्दशा के खिलाफ ग्रामीणों, स्थानीय शिक्षकों और छात्रों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि वर्षों से सड़क निर्माण और मरम्मत की मांग की जा रही है, लेकिन हर बार केवल आश्वासन मिलता है। जमीनी स्तर पर अब तक कोई काम शुरू नहीं किया गया।

स्थानीय निवासी अम्बिका महतो ने कहा कि सड़क की बदहाली के कारण लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। बरसात के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है। उन्होंने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद किसी जिम्मेदार अधिकारी या जनप्रतिनिधि ने समस्या का समाधान नहीं किया।

ग्रामीण बिरेन्द्र भगत ने कहा कि सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण रोज दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण चुप बैठने वाले नहीं हैं और यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो सड़क जाम कर आंदोलन किया जाएगा।

ग्राम प्रधान गोपाल चंद्र मुर्मू ने कहा कि यह सड़क पूरे क्षेत्र की जीवनरेखा है, लेकिन इसकी अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सड़क खराब होने से गांव का संपर्क प्रभावित हुआ है और लोगों को आवश्यक सेवाओं तक पहुंचने में भी भारी कठिनाई हो रही है। प्रशासन को बिना देर किए सड़क निर्माण की दिशा में कार्रवाई करनी चाहिए।

नुना राम रजक ने कहा कि ग्रामीण कई वर्षों से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज अनसुनी की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने जल्द कोई ठोस कदम नहीं उठाया तो ग्रामीण सड़क जाम कर व्यापक आंदोलन करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

विद्यालय के शिक्षक कृष्णा टुडू ने कहा कि सड़क की खराब स्थिति का सबसे अधिक असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। बारिश के दिनों में बच्चे जान जोखिम में डालकर विद्यालय पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं तक पहुंचने के लिए इस सड़क का दुरुस्त होना अत्यंत आवश्यक है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि दमाकी-मानपुर सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ तो वे सड़क जाम कर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Related Post