Breaking
Sun. Jul 19th, 2026

मझगांव थाना में प्रशासनिक फेरबदल, धीरज कुमार यादव लाइन हाजिर, परमेश्वर उरांव बने नए थाना प्रभारी

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव थाना में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव किया गया है। थाना प्रभारी धीरज कुमार यादव को लाइन हाजिर कर दिया गया है। उनकी जगह परमेश्वर उरांव को मझगांव थाना का नया प्रभारी बनाया गया है। इस बदलाव के बाद क्षेत्र में इसकी व्यापक चर्चा शुरू हो गई है।

जानकारी के अनुसार, आदिवासी हो महासभा और अंजुमन इस्लामिया के प्रतिनिधिमंडल ने हाल ही में पुलिस अधीक्षक के समक्ष मझगांव क्षेत्र में कानून-व्यवस्था, सामाजिक तनाव और स्थानीय लोगों से जुड़े विभिन्न मामलों को विस्तार से रखा था। प्रतिनिधिमंडल ने निष्पक्ष कार्रवाई, आम लोगों का पुलिस पर विश्वास बहाल करने तथा पुलिस-प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की थी।

शिकायतों और मांगों पर संज्ञान लेते हुए पुलिस प्रशासन ने मझगांव थाना के प्रभारी में बदलाव का आदेश जारी किया। इसके तहत धीरज कुमार यादव को लाइन हाजिर करते हुए परमेश्वर उरांव को नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया।

नवनियुक्त थाना प्रभारी परमेश्वर उरांव का विभिन्न सामाजिक संगठनों ने स्वागत किया। संगठनों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में मझगांव थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और मजबूत होगी, आम लोगों का पुलिस पर भरोसा बढ़ेगा तथा पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद स्थापित होगा।

मझगांव थाना में हुए इस प्रशासनिक बदलाव को जिले की महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है।

Related Post