Breaking
Fri. Aug 7th, 2026

सिनी के जोनल प्रशिक्षण संस्थान में रेल अधिकारियों को आपदा प्रबंधन का दिया गया व्यावहारिक प्रशिक्षण

जमशेदपुर: दक्षिण पूर्व रेलवे के जोनल रेल प्रशिक्षण संस्थान (जेडआरटीआई), सिनी में शनिवार को एक दिवसीय बहुविषयक आपदा प्रबंधन प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में टाटानगर रेल सिविल डिफेंस के इंस्पेक्टर एवं राष्ट्रपति सम्मानित सदस्य संतोष कुमार ने अतिथि व्याख्याता के रूप में भाग लेते हुए विभिन्न आपदा परिस्थितियों में त्वरित और प्रभावी राहत एवं बचाव कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में दक्षिण पूर्व रेलवे और ईस्ट कोस्ट रेलवे के रिफ्रेशर ट्रेन मैनेजर शामिल हुए।

प्रशिक्षण के दौरान संतोष कुमार ने किसी भी दुर्घटना के बाद ‘गोल्डन आवर’ के महत्व, घायलों को समय पर सहायता पहुंचाने की प्रक्रिया, एम्बुलेंस सेवा 102 एवं 108 के उपयोग, घायलों की ट्रायेज प्रणाली, सुरक्षित परिवहन, प्राथमिक उपचार तथा फर्स्ट एडर की जिम्मेदारियों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिभागियों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की तकनीक का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।

बरसात के मौसम को ध्यान में रखते हुए सर्पदंश जैसी आपदाओं पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। इसमें विषैले और विषहीन सांपों की पहचान, सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक उपचार तथा बचाव के वैज्ञानिक तरीकों को डिजिटल माध्यम से समझाया गया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह ने अग्निशमन यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) के सही उपयोग, आवश्यक सावधानियों और आग लगने की स्थिति में अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं का मॉक ड्रिल के माध्यम से प्रदर्शन किया।

इस प्रशिक्षण में संबलपुर, रायपुर, भुवनेश्वर और आद्रा मंडलों से आए कुल 65 रिफ्रेशर ट्रेन मैनेजरों ने भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में संस्थान के मुख्य अनुदेशक संतोष कुमार सिंह ने धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि सिविल डिफेंस टीम द्वारा दिया गया यह प्रशिक्षण रेलवे कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी और व्यवहारिक है। उन्होंने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में सिविल डिफेंस टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समय-समय पर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई।

Related Post