जमशेदपुर। सावन माह के प्रथम शनिवार को मां विपदतारिणी पूजा के अवसर पर शहर में भक्तिभाव का माहौल देखने को मिला। सुवर्ण वर्णिक समाज की भुईयाडीह और कदमा शाखा की ओर से अलग-अलग स्थानों पर पारंपरिक विधि-विधान से मां विपदतारिणी की पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। महिलाओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और सभी प्रकार की विपत्तियों से रक्षा की कामना करते हुए दिनभर उपवास रखा तथा श्रद्धा के साथ पूजा में भाग लिया।
बाराद्वारी स्थित सुवर्ण वर्णिक समाज भवन में भुईयाडीह शाखा कमेटी के तत्वावधान में आयोजित पूजा में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने 13 प्रकार के फल, फूल और मिठाइयों का भोग अर्पित कर मां विपदतारिणी का पूजन किया। इस अवसर पर पुजारी बापी ठाकुर ने विधिवत पूजा संपन्न कराई तथा मां विपदतारिणी की कथा सुनाते हुए पूजा के धार्मिक महत्व से श्रद्धालुओं को अवगत कराया। कथा श्रवण के बाद महिलाओं ने पुष्पांजलि अर्पित की और सभी भक्तों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया। आयोजन को सफल बनाने में सनातन चंद्रा, निरंजन माझी, सनोज चंद्रा, गौतम चंद्रा, राजेन दत्ता, अमित पोद्दार, बापी चंद्रा, मनोज पाल और बिमल चंद्रा सहित समाज के अनेक सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
इधर, सुवर्ण वर्णिक समाज की कदमा शाखा की ओर से मां बाघेश्वरी देवी भवन में भी मां विपदतारिणी पूजा का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया गया। पुजारी रखोहरी भट्टाचार्य ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा संपन्न कराई। बड़ी संख्या में महिलाओं ने उपवास रखकर मां की आराधना की और 13 प्रकार के फल, फूल एवं मिठाइयों का भोग अर्पित किया। पूजा के उपरांत श्रद्धालुओं ने पुष्पांजलि अर्पित की तथा प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में संजय दत्त, शाखा अध्यक्ष निर्मल चंद्र, दिलीप दत्त, अनिल मांझी, अशोक दत्ता, नेपाल माझी, गोपाल दत्ता, गीता चंद्र, बिना दत्त, संजू दत्ता, नमिता मांझी, झुन्नू दत्ता, रीना चंद्रा, रूबी चंद्रा, लक्ष्मी पाल, रीना दत्ता, अनु दत्ता सहित बड़ी संख्या में समाज के सदस्य उपस्थित रहे।

