Breaking
Wed. Jul 15th, 2026

बिंदल मॉल के पास टाटा स्टील का अतिक्रमण हटाओ अभियान, अवैध चाय दुकानों समेत अस्थायी निर्माण ध्वस्त

जमशेदपुर: सोनारी मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के समीप पार्ट रोड पर बुधवार को टाटा स्टील के लैंड डिपार्टमेंट ने अतिक्रमण के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया। इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से संचालित कई चाय की दुकानों और अन्य अस्थायी ढांचों को जेसीबी की मदद से हटाया गया। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमणकारियों के बीच हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, बिंदल मॉल से लगभग 100 मीटर की दूरी पर लंबे समय से सड़क किनारे अस्थायी दुकानें और अन्य अवैध निर्माण खड़े थे। स्थानीय लोगों का आरोप था कि रात के समय यह इलाका अड्डेबाजी और असामाजिक गतिविधियों का केंद्र बन गया था। देर रात तक यहां लोगों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को असुविधा के साथ-साथ सुरक्षा संबंधी चिंताओं का भी सामना करना पड़ता था।

स्थानीय लोगों की शिकायतों के आधार पर सोनारी थाना पुलिस ने पूर्व में कई बार मौके पर पहुंचकर लोगों को हटाया और चेतावनी भी दी थी। हालांकि पुलिस कार्रवाई के बावजूद स्थिति में कोई स्थायी सुधार नहीं हो पाया। इसके बाद टाटा स्टील के लैंड डिपार्टमेंट ने स्वयं कार्रवाई करते हुए पूरे क्षेत्र से अवैध कब्जों को हटाने का निर्णय लिया।

अभियान के दौरान अधिकारियों ने सभी अवैध ढांचों को हटाने के साथ अतिक्रमण करने वालों को भविष्य के लिए सख्त चेतावनी भी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि दोबारा इस स्थान पर किसी प्रकार का अवैध निर्माण या दुकान लगाने का प्रयास किया गया तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस कार्रवाई से मरीन ड्राइव क्षेत्र में अतिक्रमण और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। हालांकि अभियान को लेकर टाटा स्टील के लैंड डिपार्टमेंट की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था।

Related Post