Breaking
Tue. Jul 14th, 2026

पूर्वी सिंहभूम के पांच बच्चों को मिला नया जीवन, जन्मजात हृदय रोग का सफल नि:शुल्क उपचार

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिला स्वास्थ्य विभाग की पहल से जन्मजात हृदय रोग (कंजेनाइटल हार्ट डिजीज) से पीड़ित पांच बच्चों का सफल ऑपरेशन कराया गया। उपचार के बाद सभी बच्चे स्वस्थ होकर अपने घर लौट आए। मंगलवार को सिविल सर्जन कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बच्चों का स्वागत किया और उनके स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के तहत स्वास्थ्य टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से इन बच्चों की पहचान की थी। इसके बाद सदर अस्पताल स्थित जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्र (डीईआईसी) ने आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें विशेष उपचार के लिए रेफर किया। सिविल सर्जन के मार्गदर्शन में दो बच्चों को छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित श्री सत्य साईं संजीवनी सेंटर फॉर चाइल्ड हार्ट केयर तथा तीन बच्चों को कोंडापाका (हैदराबाद) केंद्र भेजा गया, जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों ने उनका नि:शुल्क ऑपरेशन कर सफल उपचार किया।

उपचार पाने वाले बच्चों में जादूगोड़ा के चार वर्षीय फैयाज्जुदीन, पटमदा के चार वर्षीय जीत कुण्डु, बहरागोड़ा की छह वर्षीय नंदनी मुंडा, गुड़ाबांदा के 13 वर्षीय रंजीत सोरेन तथा बहरागोड़ा की नौ वर्षीय सरस्वती मुर्मू शामिल हैं। सभी बच्चों की स्थिति अब सामान्य है और वे स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं।

सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल ने बताया कि राज्य सरकार के सहयोग से चयनित सत्य साईं संस्थानों में जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित बच्चों की जांच, ऑपरेशन, इलाज और आने-जाने की व्यवस्था पूरी तरह नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि यदि किसी बच्चे में हृदय संबंधी जन्मजात बीमारी के लक्षण दिखाई दें तो बिना देर किए निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में जांच कराएं, ताकि समय पर उपचार संभव हो सके।

बच्चों के अभिभावकों ने सफल उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल और पटमदा, बहरागोड़ा तथा मुसाबनी की स्वास्थ्य टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. कमलेश कुमार प्रसाद, डॉ. राज नारायण तिवारी, जिला कुष्ठ परामर्शी डॉ. राजीव लोचन महतो, डॉ. सुपर्णा नायक, डीईआईसी की सोशल वर्कर नमृता ठाकुर, कमलजीत कौर समेत अन्य स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।

Related Post