जमशेदपुर। परसुडीह थाना क्षेत्र के सरजामदा स्थित बांधडीह में बुधवार देर रात एक युवक की कथित तौर पर लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोपोडेरा निवासी 27 वर्षीय रोहित मुंडा के रूप में हुई है। गुरुवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। मामले में पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रोहित बुधवार रात सालगाझरी में अपने दोस्तों के साथ एक पार्टी में शामिल होने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, हालांकि बाद में सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए। पुलिस के अनुसार, बस्ती पहुंचने के बाद विवाद एक बार फिर बढ़ गया और इसी दौरान कुछ युवकों ने रोहित को घेरकर लाठी-डंडों से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद घायल रोहित को तत्काल अस्पताल ले जाने के बजाय परिजन उसे घर ले आए। बताया गया कि घर पहुंचने पर उसने पानी पिया और शुरुआत में उसकी स्थिति सामान्य प्रतीत हो रही थी, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी की गई, लेकिन उससे पहले ही उसकी मौत हो गई। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि यदि घायल को समय पर अस्पताल पहुंचाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी या नहीं।
मृतक के साथी बजरंग ने दावा किया है कि घटना के पीछे बाइक चोरी का शक वजह बना। उसके अनुसार, पार्टी समाप्त होने के बाद रोहित कथित तौर पर एक युवक की बाइक अपने घर ले आया था। इसी बात को लेकर पहले विवाद हुआ और बाद में मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
इधर, मृतक के परिजनों ने बस्ती के सुजल, हरिपद समेत अन्य युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि घटना में शामिल कुछ लोगों की पहचान कर ली गई है और सभी मृतक के परिचित बताए जा रहे हैं। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है तथा पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

