चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध चुलाई शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में उत्पाद विभाग ने अवर निरीक्षक निर्भय सिन्हा के नेतृत्व में मुफ्फसिल थाना और झींकपानी थाना क्षेत्र में छापेमारी कर तीन अवैध चुलाई शराब भट्ठियों को ध्वस्त किया।
उत्पाद विभाग की टीम ने मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के करकट्टा गांव में संचालित एक अवैध चुलाई शराब भट्ठी को नष्ट किया। वहीं झींकपानी थाना क्षेत्र के गुड़ा गांव में संचालित दो अन्य अवैध शराब भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया। अभियान के दौरान कुल तीन अवैध भट्ठियों पर कार्रवाई की गई।
छापेमारी में करीब 40 लीटर अवैध चुलाई शराब तथा शराब निर्माण के लिए रखा गया लगभग 1200 किलोग्राम जावा-महुआ बरामद किया गया। बरामद जावा-महुआ को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
मामले में अवैध शराब भट्ठियों के संचालन से जुड़े तीन अभियुक्तों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इधर, अनुज्ञप्तिधारी खुदरा शराब दुकानों के नियमित निरीक्षण अभियान के तहत कंपोजिट शराब दुकान, टुंगरी (अनुज्ञप्ति संख्या-009_COM_WES_25-26) तथा कंपोजिट शराब दुकान, मेडिकल, चाईबासा (अनुज्ञप्ति संख्या-005_COM_WES_25-26) का भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकान संचालकों को अनुज्ञप्ति की शर्तों के अनुरूप संचालन करने, निर्धारित अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी) पर ही मदिरा की बिक्री सुनिश्चित करने तथा सभी वैधानिक नियमों का कड़ाई से पालन करने का निर्देश दिया गया।

