जमशेदपुर: सिखों के छठवें गुरु, गुरु हरगोबिंद साहिब के पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर मानव अधिकार सहयोग संघ की महिला इकाई की ओर से शनिवार को बाराद्वारी स्थित आशीर्वाद भवन वृद्धाश्रम में विशेष सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महिला इकाई की अध्यक्ष चरणजीत कौर भाटिया ने किया। इस दौरान संस्था के सदस्यों ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों के साथ समय बिताया, उनका हालचाल जाना और भोजन वितरित कर सेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत अरदास के साथ हुई, जिसमें गुरु हरगोबिंद साहिब के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर गुरु साहिब के ‘मीरी-पीरी’ के सिद्धांत तथा दीन-दुखियों और जरूरतमंदों की रक्षा के संदेश को याद करते हुए समाज में सेवा, समानता और मानवता के मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया गया।
संस्था के पदाधिकारियों ने बुजुर्गों का आशीर्वाद प्राप्त किया और उनके स्वास्थ्य एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही समाज में बुजुर्गों की उपेक्षा रोकने और उनके अधिकारों के प्रति लोगों को जागरूक करने की जरूरत पर बल दिया गया।
चरणजीत कौर भाटिया ने कहा कि गुरु हरगोबिंद साहिब ने हमेशा समाज के वंचित, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की सेवा तथा उनकी रक्षा का संदेश दिया है। उनका जीवन मानवता, साहस और सेवा की प्रेरणा देता है, जिसे समाज में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद सुमन महतो और सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेन्द्र सिंह शामिल हुए। दोनों ने कहा कि गुरु हरगोबिंद साहिब के प्रकाश पर्व पर वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि और सेवा है।
इस अवसर पर पूर्व सांसद सुमन महतो, सीजीपीसी के चेयरमैन सरदार शैलेन्द्र सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नरेंद्र भाटिया, सेंट्रल सिख नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, झामुमो के वरिष्ठ नेता सागेन पूर्ति, नसीर खान, बंटी सिंह, झामुमो नेत्री कमलजीत गिल, स्त्री सत्संग सभा की चेयरमैन कमलजीत कौर, आगाज़ संस्था के संस्थापक अध्यक्ष इंदरजीत सिंह तथा सिख नौजवान सभा सरजामदा के प्रधान जगप्रीत सिंह जे.डी. सहित अन्य अतिथियों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मानव अधिकार सहयोग संघ की प्रदेश उपाध्यक्ष रजनी बंसल, जिला अध्यक्ष गुरु चरण महंती, टी.आर.एम. तिवारी, रवि दास गुप्ता, भोला शंकर, सुनीता ओझा, सुनीता देवी, माधुरी दास गुप्ता, मोहम्मद अंसार समेत बड़ी संख्या में संस्था के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में वृद्धाश्रम के प्रबंधकों और वहां रह रहे बुजुर्गों ने मानव अधिकार सहयोग संघ के इस सेवा अभियान की सराहना करते हुए सभी सदस्यों को अपना स्नेह और आशीर्वाद दिया।

