चाईबासा: भारतीय जनता पार्टी चाईबासा नगर इकाई की मासिक बैठक रविवार को नीमड़ीह स्थित पार्टी कार्यालय में नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जिला परिषद सदस्य सह नगर प्रभारी राजश्री बानरा मुख्य रूप से उपस्थित रहीं।
बैठक में हाल के दिनों में आयोजित संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। साथ ही ‘सरल’ पोर्टल के माध्यम से कार्यक्रमों की रिपोर्टिंग की भी समीक्षा की गई। नगर प्रभारी राजश्री बानरा ने बेहतर रिपोर्टिंग और सक्रिय भागीदारी के लिए नगर इकाई के कार्यकर्ताओं को बधाई दी। कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए राजश्री बानरा ने कहा कि पार्टी को मजबूत बनाने के लिए अधिक से अधिक नए सदस्यों को संगठन से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन के विस्तार के साथ बूथ स्तर की संरचना को भी सशक्त किया जाएगा, जिससे पार्टी की गतिविधियों को और मजबूती मिलेगी।
बैठक में नगर क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर भी चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बरसात के दौरान शहर की नालियों की स्थिति खराब हो गई है। कई स्थानों पर नालियों से कचरा और गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है और संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। इसके अलावा शहर में नियमित रूप से कचरा उठाव नहीं होने का मुद्दा भी उठाया गया।
इन समस्याओं को लेकर नगर पालिका प्रशासन से वार्ता करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए पांच सदस्यीय टीम का गठन कर कार्यपालक पदाधिकारी से मुलाकात कर समस्याओं से अवगत कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में सदर अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं की भी समीक्षा करने का निर्णय लिया गया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बरसात के मौसम में ग्रामीण क्षेत्रों से सांप काटने के कई मामले सामने आते हैं। साथ ही मलेरिया, डायरिया जैसी बीमारियों की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग से समन्वय स्थापित कर आवश्यक तैयारियों की जानकारी ली जाएगी।
बैठक में आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की गई। निर्णय लिया गया कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक का संचालन नगर महामंत्री रोहित दास ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री दिलीप साव ने दिया।
बैठक में प्रताप कटियार महतो, हर्ष रवानी, जगदीश निषाद, आकाश कुमार, विजय सिंह, संजय राम, साहिल, रीना कर, डोली कर, मृदुल निषाद और हेमंत विश्वकर्मा सहित अन्य भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

