चाईबासा: महिला कॉलेज चाईबासा में वन महोत्सव के अवसर पर 1 से 7 जुलाई तक आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की श्रृंखला का शुभारंभ शनिवार को कॉलेज परिसर में इनडोर पौधारोपण कार्यक्रम के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण, पौधों के महत्व तथा पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. अंजना खलखो ने कहा कि केवल पौधा लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं से पौधों को अपने जीवन का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. अर्पित सुमन ने बताया कि प्रत्येक वर्ष 1 से 7 जुलाई तक वन महोत्सव मनाया जाता है। इसी क्रम में महिला कॉलेज की बी.एड. यूनिट द्वारा पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा गोद लिए गए गांव दुंबीसाई में लगभग 100 पौधे लगाए जाएंगे, जिससे स्थानीय स्तर पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।
वन महोत्सव सप्ताह के दौरान छात्राओं के लिए “My Tree My Responsibility” विषय पर पोस्टर (रेल मेकिंग) प्रतियोगिता तथा पौधा पहचानो प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। इन प्रतियोगिताओं का उद्देश्य छात्राओं में वनस्पतियों की पहचान, पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ प्राध्यापक विकास मिश्रा, डॉ. राजीव लोचन नमता, सितेंद्र रंजन, मदन मोहन मिश्रा, डॉ. मीरा, डॉ. रूबी कुमारी, सोना माई, पुष्पराज, प्रतिमा, प्रेम, दीपिका, उमा शंकर तथा बी.एड. सेमेस्टर-1 की छात्राएं उपस्थित रहीं। अंत में मोबारक करीम हाशमी ने सभी प्राध्यापकों, कॉलेज कर्मियों और छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

