चाईबासा: पुलिस विभाग के वेतन मद से करीब 26 लाख रुपये की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। इस मामले में विभाग में ही तैनात आरक्षी देव नारायण मुर्मू को मुख्य आरोपी बताया गया है।
जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने लंबे समय तक सरकारी व्यवस्था की खामियों का फायदा उठाकर राशि का गबन किया।
जानकारी के अनुसार, देव नारायण मुर्मू वर्ष 2016 से लेखा कार्य से जुड़ा हुआ था।
इसी दौरान उसने मृत पुलिसकर्मियों के आश्रितों के नाम में बदलाव कर अपने रिश्तेदारों और परिचितों के बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर किए। इन खातों में उसके साला, जीजा और एक मित्र के खाते शामिल हैं।
बताया जा रहा है कि गबन की गई राशि से आरोपी ने “किंगफिशर” नाम की एक फुटबॉल टीम बनाई और विभिन्न टूर्नामेंटों में भाग लिया। इन प्रतियोगिताओं में बड़े स्तर पर धनराशि लगाई जाती थी।
मामले का खुलासा महालेखाकार, रांची कार्यालय की समीक्षा के दौरान हुआ, जब चाईबासा जिला कोषागार से पुलिस मद की निकासी में गड़बड़ी पाई गई। इसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर जांच समिति गठित की गई।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला कोषागार पदाधिकारी सुमित कुमार ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। पूछताछ में आरोपी ने लगभग 26 लाख रुपये की अवैध निकासी की बात स्वीकार की है।
घटना सामने आने के बाद पुलिस विभाग और प्रशासन में हलचल है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है।

