पलामू। जिले के पड़वा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। गाड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बुलेट मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में बुलेट सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान पाटन थाना क्षेत्र के कांके कला गांव निवासी आकाश पांडे के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह भाजपा सांसद के करीबी माने जाने वाले ईश्वरी पांडे के पुत्र थे। घटना की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल पहुंचने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा सुबह करीब 8 बजे उस समय हुआ जब स्कॉर्पियो मेदिनीनगर की ओर से तेज गति में आ रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बुलेट से उसकी सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुलेट के परखच्चे उड़ गए और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही पड़वा थाना प्रभारी अंचित कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच (मेडिनीनगर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल) भेज दिया। वहीं घायल व्यक्तियों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही सैकड़ों की संख्या में परिजन और भाजपा से जुड़े नेता अस्पताल पहुंचे। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने स्कॉर्पियो वाहन को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।

