चतरा : जिले के कुंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने भारी मात्रा में अफीम, डोडा और पोस्ता दाना सहित खेती में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी जब्त किए हैं। जिसका बाजार मूल्य करीब 50 लाख आंकी जा रहा है। इस दौरान आरोपी मौके का लाभ उठाकर भागने में सफल रहे। प्रेस वार्ता करते हवे एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि कुंदा थाना अंतर्गत ग्राम बटुकुईया में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से अफीम और डोडा रखकर उसका कारोबार कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरिया के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से भारी मात्रा में अवैध सामग्री बरामद की। जब्त सामानों में 840 ग्राम अफीम, 17 बोरा अफीम का डोडा (कुल वजन 315 किलोग्राम), 35 किलोग्राम पोस्ता दाना शामिल है। इसके अलावा अफीम की खेती में उपयोग किए जाने वाले उपकरण जैसे एक मोटर पंप, दो सेक्शन पाइप, एक बंडल फीता पाइप और एक कीटनाशक स्प्रे मशीन भी बरामद की गई। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज करते हुवे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
एसपी ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इसमें संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

