Breaking
Mon. Apr 13th, 2026

भाजपा जमशेदपुर महानगर जिला के नए पदाधिकारियों की घोषणा, संगठन को मजबूत करने पर जोर

जमशेदपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झारखंड प्रदेश के निर्देश पर जमशेदपुर महानगर जिला इकाई के नए पदाधिकारियों की घोषणा कर दी गई है। यह घोषणा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की सहमति से जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा द्वारा सोमवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से की गई।

जारी सूची के अनुसार, संगठन को मजबूती देने और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न पदों पर अनुभवी और सक्रिय कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला अध्यक्ष ने बताया कि नई टीम संगठनात्मक कार्यों को गति देने, बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने और जनसंपर्क बढ़ाने के उद्देश्य से गठित की गई है ।

घोषित पदाधिकारियों में उपाध्यक्ष पद पर संजीव सिंह, प्रदीप महतो और बबुआ सिंह को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं महामंत्री के रूप में रूबी झा, अमरजीत सिंह राजा, राजीव कुमार सिंह, जितेन्द्र राय, मुची राम बाउरी, तन्मय झा और रिंकू सिंह को नियुक्त किया गया है। संगठन में कुछ पद अभी रिक्त भी रखे गए हैं, जिन्हें जल्द भरा जाएगा।

इसके अलावा मंत्री पद पर रीना चौधरी और रेणु सिन्हा को जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि एक पद रिक्त रखा गया है। कोषाध्यक्ष के रूप में कृष्णा शर्मा ‘काली’ को नियुक्त किया गया है। संगठन के अन्य महत्वपूर्ण दायित्वों में संजीत चौरसिया को भी शामिल किया गया है।

जिला अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने सभी नव नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उम्मीद जताई कि वे पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा का मुख्य लक्ष्य समाज के हर वर्ग तक पहुंच बनाना और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाना है।

उन्होंने यह भी कहा कि संगठनात्मक मजबूती के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर कार्य करना होगा, ताकि आगामी चुनावों में पार्टी को और अधिक सफलता मिल सके। नई टीम से पार्टी नेतृत्व को काफी उम्मीदें हैं और आने वाले समय में संगठनात्मक गतिविधियों में तेजी देखने को मिलेगी।

Related Post