चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के बड़ाजामदा बाजार क्षेत्र में ठगी की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है, जहां दो शातिर ठगों ने जेवर चमकाने का झांसा देकर घर में प्रवेश किया और सोने की चेन लेकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, बड़ाजामदा बाजार स्थित बड़ौदा बैंक के मिनी बैंक संचालक रंजीत कुमार वर्मा उर्फ चिंटू के घर सोमवार को दो युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे। दोनों ने खुद को “उजाला रॉयल कंपनी” का प्रतिनिधि बताते हुए घर की महिलाओं से संपर्क किया और सोने-चांदी के जेवर तथा पीतल-तांबे के बर्तनों को चमकाने की बात कही। शुरुआत में उन्होंने एक तांबे की प्लेट और चांदी के पायल को साफ कर वापस किया, जिससे घर की महिलाओं का विश्वास जीत लिया।
ठगों ने इसी विश्वास का फायदा उठाते हुए महिलाओं से सोने की चेन भी साफ करने के लिए ले ली। चेन को एक पाउडर में डालकर उन्होंने महिलाओं को पानी लाने के लिए अंदर भेज दिया। इसी दौरान दोनों आरोपी चेन लेकर मौके से फरार हो गए और उसकी जगह कागज की पुड़िया में पत्थर रखकर छोड़ गए। जब महिलाओं ने पुड़िया खोली तो ठगी का पता चला और उनके होश उड़ गए।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, जिसमें दोनों संदिग्धों की गतिविधियां नजर आई हैं। फुटेज में यह भी सामने आया है कि आरोपी अन्य घरों में भी इसी तरह प्रवेश करने की कोशिश कर रहे थे, हालांकि कुछ लोगों ने उन्हें शक होने पर भगा दिया।
थाना प्रभारी बालेश्वर उरांव ने बताया कि अज्ञात अपराधी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है।साही लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात व्यक्ति पर आसानी से विश्वास न करें और बिना पहचान सत्यापित किए किसी को घर में प्रवेश न दें।

