Breaking
Sun. Apr 12th, 2026

लापता किशोरी सकुशल बरामद, अंतरराज्यीय कनेक्शन वाले दो आरोपी गिरफ्तार

चक्रधरपुर।पश्चिमी सिंहभूम जिला स्थित चक्रधरपुर थाना क्षेत्र से लापता हुई 16 वर्षीय किशोरी को पुलिस ने सफल कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश से जुड़े दो आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से संभावित बड़ी वारदात टल गई है।

रविवार को घटना की जानकारी देते हुए चक्रधरपुर थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि 20 जनवरी 2026 को जेनाबेड़ा गांव निवासी रान्दाय सामाड ने थाना में अपनी बेटी के लापता होने की सूचना दी थी। उन्होंने बताया था कि उनकी बड़ी बेटी नन्दी सामाड अपनी छोटी बहन आशाई सामाड को कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय छोड़ने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में कुछ दूरी पर आशाई अपनी बहन से अलग हो गई और फिर वापस घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने पुलिस से मदद की गुहार लगाई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पहले गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन किशोरी का कोई पता नहीं चलने पर 2 अप्रैल 2026 को चक्रधरपुर थाना कांड संख्या 38/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2) में प्राथमिकी दर्ज की गई। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, चक्रधरपुर के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान का सहारा लेते हुए कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और मोबाइल टावर लोकेशन के आधार पर संदिग्धों की पहचान की। जांच के दौरान मामला अंतरराज्यीय कनेक्शन का निकला, जिसके बाद टीम ने उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर किशोरी को सकुशल बरामद कर लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने संदीप कुमार (27 वर्ष) और किशोरी लाल कुईरी (40 वर्ष), दोनों निवासी इनायतपुर, थाना सदरपुर, जिला सीतापुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस मामले के पीछे मानव तस्करी या किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता तो नहीं है।

बरामद किशोरी को आवश्यक चिकित्सकीय जांच और काउंसलिंग के लिए भेजा गया है, साथ ही उसके बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है और यदि इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

इस पूरे ऑपरेशन में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थाना प्रभारी अवधेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक साहेब कुमार गौंड, महिला चौकीदार पार्वती बोदरा, चौकीदार विरंची तांती तथा डालसा के पीएलबी सदस्य स्वेता रवानी और मनोज खंडाईत की अहम भूमिका रही।

Related Post