Breaking
Sat. Apr 11th, 2026

अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट में राँची की बड़ी जीत, पश्चिमी सिंहभूम को 76 रन से हराया

चाईबासा: अंतर जिला सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 के तहत खेले गए सुपर डिवीजन मुकाबले में राँची की टीम ने पश्चिमी सिंहभूम को 76 रन से हराकर फाइनल की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है। यह मैच चाईबासा के बिरसा मुंडा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राँची की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 160 रन बनाए।

टीम की ओर से ईशा केसरी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 7 चौकों की मदद से 57 रन बनाए। कुमारी मेघा ने 37 रन, कुमारी पलक ने नाबाद 33 रन और प्रिया कुमारी ने 17 रन का योगदान दिया।

पश्चिमी सिंहभूम की ओर से अंजलि दास ने 20 रन देकर 2 विकेट और चाँदमुनी पुरती ने 39 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पश्चिमी सिंहभूम की टीम 84 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से चाँदमुनी पुरती ने 8 चौकों की मदद से 45 रन की पारी खेली और नाबाद रही। उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका।

राँची की ओर से गेंदबाजी में आरती कुमारी ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 25 रन देकर 4 विकेट लिए। शम्पी कुमारी और कुमारी पलक को 2-2 विकेट मिले, जबकि प्रीति ने 12 रन देकर 1 विकेट हासिल किया।

मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में राँची की आरती कुमारी को शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। उन्हें 5 हजार रुपये का नकद पुरस्कार अंपायर अभिषेक ने प्रदान किया।

इस मौके पर मैच पर्यवेक्षक सह झारखंड महिला चयन समिति की अध्यक्ष कविता रॉय, अंपायर हेमंत ठाकुर, स्कोरर संदीप रॉय और पश्चिमी सिंहभूम महिला चयन समिति के सदस्य गुरमीत सिंह उपस्थित रहे।

अब राँची की टीम अगर अगले मुकाबले में रामगढ़ को हराती है तो 15 अप्रैल को होने वाले फाइनल में उसकी जगह पक्की हो जाएगी।

Related Post