जमशेदपुर। जिला बार एसोसिएशन से जुड़े कर्मी सुशांत नामता उर्फ भोंदू के इलाज में सहयोग के लिए अधिवक्ताओं ने सराहनीय पहल की है। शनिवार को वकीलों के एक प्रतिनिधिमंडल ने भोंदू के परिवार को 50 हजार रुपये की नगद सहायता राशि प्रदान की और हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
बताया जाता है कि भोंदू पिछले लगभग 50 वर्षों से जिला बार से जुड़े रहकर अधिवक्ताओं की सेवा करते आ रहे हैं। अपनी सादगी और समर्पण के कारण वे सभी के बीच बेहद लोकप्रिय हैं। करीब दस दिन पूर्व वे अपने घर की छत से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी स्थिति नाजुक हो गई और वे कोमा में चले गए। फिलहाल उनका इलाज रांची स्थित रिम्स में चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही अधिवक्ता विष्णु कुमार सत्पथी और बीवी सुब्रमण्यम ने पहल करते हुए अन्य वकीलों से संपर्क किया और आर्थिक सहयोग के लिए अपील की। इस पहल का सकारात्मक असर देखने को मिला और बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया।
शनिवार को अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल भोंदू के डिमना रोड स्थित आदर्श नगर आवास पहुंचा, जहां उन्होंने उनकी पत्नी कल्याणी देवी, बेटियों संध्या, अंजू, मंजू, रेखा, गीता और बेटे दुलाल नामता से मुलाकात की। इस दौरान परिजनों से भोंदू की सेहत और इलाज की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली गई।
अधिवक्ताओं ने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि इलाज में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी और जरूरत पड़ने पर आगे भी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि पूरे बार एसोसिएशन की ओर से लगातार सहयोग मिलता रहेगा।
सहायता राशि सौंपने के बाद अधिवक्ता विष्णु कुमार सत्पथी ने सभी सहयोगी वकीलों के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं अधिवक्ता सुधीर कुमार पप्पू ने कहा कि अन्य वकील भी लगातार आगे आ रहे हैं और आने वाले समय में भी परिवार को चरणबद्ध तरीके से आर्थिक सहायता दी जाती रहेगी, ताकि इलाज सुचारु रूप से जारी रह सके।
इस मानवीय पहल ने न केवल भोंदू के परिवार को संबल दिया है, बल्कि समाज में सहयोग और संवेदनशीलता की एक सकारात्मक मिसाल भी पेश की है।

