जमशेदपुर/ पोटका
विकास एजुकेशनल एंड चेरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित पायनियर इंग्लिश स्कूल, जानमडीह की मेधावी छात्रा तथा एक गरीब किसान की होनहार बेटी पार्वती बास्के ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के बल पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।
पार्वती बास्के का चयन प्रतिष्ठित सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस में हुआ है। विशेष बात यह है कि वर्ग 7 के लिए केवल एक ही सीट उपलब्ध थी, और उस एकमात्र स्थान के लिए हुए कड़े प्रतिस्पर्धा में पार्वती ने सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। यह उपलब्धि न केवल पार्वती और उसके परिवार के लिए, बल्कि पूरे विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए अत्यंत गर्व और प्रेरणा का विषय है।
पार्वती की इस सफलता के पीछे उसकी निरंतर मेहनत, अनुशासन और उसके शिक्षकों का मार्गदर्शन रहा है। पार्वती ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के समर्पित शिक्षक असित कुमार मंडल, सरोज सीट, तथा विद्यालय के प्राचार्य विकास कुमार भकत को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और प्रोत्साहन ने उसे इस मुकाम तक पहुँचने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि संसाधनों की कमी कभी भी सफलता के मार्ग में बाधा नहीं बन सकती, यदि मन में दृढ़ इच्छाशक्ति, परिश्रम और सही मार्गदर्शन हो। पार्वती ने यह सिद्ध कर दिया है कि ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाले विद्यार्थी भी बड़े सपने देख सकते हैं और उन्हें साकार कर सकते हैं।

