Breaking
Sat. Apr 11th, 2026

आनंदपुर के दुर्गम गांवों में विधायक जगत माझी ने पेड़ के नीचे लगाई चौपाल, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं*

आनंदपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के आनंदपुर प्रखंड के दुर्गम इलाकों में विधायक जगत माझी ने शुक्रवार को दौरा कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने किसी भवन के बजाय पेड़ के नीचे चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं।

विधायक जगत माझी झारबेड़ा पंचायत के ठेठईटांगर गांव तथा बिंजू पंचायत के कोलबामड़ी और सतबामड़ी गांव पहुंचे। गांव में विधायक के पहुंचने पर ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की।

चौपाल के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। स्वच्छ पेयजल की कमी है और बिजली आपूर्ति नियमित नहीं है। कई जगहों पर बिजली का बुनियादी ढांचा भी नहीं है। इसके अलावा गांवों को मुख्य सड़क से जोड़ने वाली सड़कों की स्थिति भी जर्जर है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है।

विधायक जगत माझी ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और भरोसा दिलाया कि इनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय कर जल्द ही इन क्षेत्रों में विकास कार्य शुरू कराया जाएगा।

उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य प्रशासन और आम लोगों के बीच की दूरी को कम करना है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके। उन्होंने आगे भी गांवों का दौरा जारी रखने की बात कही, ताकि लोग सीधे अपनी समस्याएं बता सकें।

इस मौके पर झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सिल्बीरयुस तिर्की, सचिव राजू सिंह, अजय कच्छप, संजीव गंताईत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं और पुरुष उपस्थित थे।

Related Post