Breaking
Sat. Apr 11th, 2026

बाहा पर्व की रात महिला की निर्मम हत्या, हथौड़े से वार कर उतारा मौत के घाट

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के जेटेया थाना क्षेत्र में बाहा पर्व की खुशियों के बीच एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शुक्रवार देर रात बड़ा पासेया गांव के चिरु पासेया टोला में 50 वर्षीय महिला टुरिया गगराई की बेरहमी से हत्या कर दी गई। अज्ञात हमलावर ने महिला के सिर पर हथौड़े से कई वार किए और फिर लाठी-डंडों तथा पत्थरों से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। सिर और पसलियों पर गंभीर चोट लगने के कारण महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना के समय गांव में बाहा पर्व मनाया जा रहा था और अधिकांश ग्रामीण उत्सव में व्यस्त थे। इसी बीच महिला अपने घर से कुछ दूरी पर थी, तभी पहले से घात लगाकर बैठे हमलावर ने उस पर अचानक हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी पास के एक आम के पेड़ के पीछे छिपा हुआ था और मौका मिलते ही उसने वारदात को अंजाम दिया।

हत्या के बाद आरोपी ने शव को करीब 200 से 300 मीटर तक घसीटने की कोशिश की, लेकिन किसी हलचल का आभास होने पर वह शव को बीच में ही छोड़कर फरार हो गया। भागने के दौरान आरोपी अपने कपड़े—शर्ट, पैंट और चप्पल—मौके पर ही छोड़ गया, जिन्हें पुलिस ने अहम साक्ष्य के रूप में जब्त किया है।

घटना के वक्त मृतका के साथ उसके छोटे भाई की सात वर्षीय बेटी भी मौजूद थी। बच्ची किसी तरह डर के बीच घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी।

सूचना मिलने पर जेटेया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए हर पहलू पर जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Related Post