Breaking
Fri. Apr 10th, 2026

जलापूर्ति पाइप चोरी मामले में ट्रक जब्त, दो गिरफ्तार

कोडरमा। सतगावां प्रखंड के अंतर्गत निर्माणाधीन जलापूर्ति योजना में सेंधमारी कर सरकारी पाइप चोरी करने वाले एक गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। गुरुवार को पुलिस ने इस मामले में संलिप्त दो व्यक्तियों को गिरफ्तार करने के साथ ही चोरी के पाइप से लदे एक ट्रक बीआर 01जीएम 8632 को भी जब्त किया है। जानकारी के अनुसार, धनबाद की कंपनी के लिए योजना का कार्य देख रहे प्रदीप राम को पिछले कुछ समय से कटैया पंचायत के दुमदुमा और माधोपुर में डंप किए गए पाइपों की संख्या कम होने का संदेह हो रहा था। संदेह के आधार पर प्रदीप राम और उनके साथी वीरेंद्र पांडे ने निगरानी शुरू की। बीते 7 अप्रैल को दोपहर करीब 2 बजे जब वे दुमदुमा गांव पहुंचे, तो उन्होंने एक ट्रक को सामान लादकर तेजी से भागते देखा। पीछा करने पर चालक ने वाहन की गति और बढ़ा दी, जिससे संदेह गहरा गया। जहां पड़रिया मेन रोड स्थित एक होटल के पास स्थानीय लोगों के सहयोग से ट्रक को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। वहीं गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत राय (40 वर्ष, निवासी ग्राम रेगनियाँ थाना सतगावां) एवं चालक दीपक कुमार (30 वर्ष निवासी ग्राम केवाली, जिला नालंदा) के रूप में हुई। पकड़े गए आरोपियों ने स्वीकार किया कि ट्रक पर लदे रेशम कंपनी के पाइप माधोपुर गांव के पास से चोरी किए गए थे। आरोपी रंजीत राय ने पूछताछ में बताया कि स्थानीय मजदूरों की मदद से वे पहले भी कई बार पाइपों की चोरी कर चुके हैं। चोरी के पाइपों को पहले रांची भेजा जाता था, जहाँ से ‘ओम साईं ट्रांसपोर्ट’ के माध्यम से उन्हें अन्य ठिकानों पर खपाया जाता था। मामले में एक अन्य ट्रक के संलिप्त होने की बात भी सामने आई है। वहीं सतगावां थाना पुलिस ने प्रदीप राम के लिखित आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के पाइपों की खरीद-बिक्री करने वाले मुख्य सरगनाओं की तलाश में जुट गई है।

Related Post