Breaking
Thu. Apr 9th, 2026

बिष्टुपुर के धतकीडीह तालाब में सैकड़ों मछलियों की रहस्यमयी मौत, इलाके में सनसनी

जमशेदपुर। बिष्टुपुर स्थित धतकीडीह तालाब में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब स्थानीय लोगों ने पानी की सतह पर बड़ी संख्या में मरी हुई मछलियां तैरती देखीं। देखते ही देखते तालाब के चारों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि मरने वाली मछलियों का वजन लगभग 5 से 8 किलो के बीच है, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि ये काफी बड़ी और परिपक्व मछलियां थीं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार रात तक तालाब की स्थिति सामान्य थी, लेकिन गुरुवार सुबह अचानक इतनी बड़ी संख्या में मछलियों का मरना कई सवाल खड़े कर रहा है। लोगों में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसे पानी में ऑक्सीजन की कमी बता रहे हैं, तो कुछ का मानना है कि तालाब में किसी प्रकार का रासायनिक प्रदूषण या जहरीला पदार्थ मिल जाने की वजह से यह घटना हुई हो सकती है।

घटना स्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि तालाब से बदबू भी आ रही थी, जिससे स्थिति और गंभीर लग रही थी। हालांकि, मछलियों की मौत के वास्तविक कारणों का अब तक कोई आधिकारिक खुलासा नहीं हो सका है।

धतकीडीह तालाब का संचालन करने वाले जमशेदपुर एंगलिंग क्लब (Jamshedpur Angling Club) की ओर से भी इस मामले में कोई स्पष्ट बयान सामने नहीं आया है। क्लब के पदाधिकारी और वहां मौजूद कर्मचारी इस घटना पर कुछ भी कहने से बचते नजर आए। वहीं, सफाई कर्मियों ने भी अनभिज्ञता जताई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते तालाब की साफ-सफाई और पानी की गुणवत्ता की जांच की जाती, तो शायद इस तरह की घटना को टाला जा सकता था। लोगों ने प्रशासन से इस मामले की गंभीरता से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल, मरी हुई मछलियों को जुस्को की ओर से हटाने का काम शुरू कर दिया गया है, ताकि तालाब में और अधिक प्रदूषण न फैले। प्रशासन की ओर से जल नमूनों की जांच कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही मछलियों की मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

Related Post