Breaking
Thu. Apr 9th, 2026

भारी मात्रा में शराब लदा पिकअप व एक्सयूवी जब्त, तीन गिरफ्तार

कोडरमा। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोडरमा पुलिस को उस समय बड़ी सफ़लता हाथ लगी जब एक पिकअप गाड़ी से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद किया गया। कोडरमा थाना पुलिस ने बागीटांड़ के पास से भारी मात्रा में शराब से लदी एक पिकअप वैन जब्त की है। इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जो शराब तस्करी में संलिप्त बताए जा रहे हैं। जिसमें कुलदीप कुमार यादव (बृंदा कोडरमा), सतीश राय (यूपी), विकास कुमार (नालन्दा, बिहार) के नाम हैं। बताया जाता है कि इसी एक्सयूवी से शराब तस्करों को मदद की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि तस्कर एक पिकअप वाहन में अवैध शराब की बड़ी खेप लेकर बिहार की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर कोडरमा थाना प्रभारी विकास कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित कर इलाके में सघन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान देखा गया कि जैसे ही संदिग्ध पिकअप वैन बागीटांड़ के पास पहुंची, पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की। हालांकि इस दौरान पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को पकड़ लिया और दो लोगों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने खुलासा किया कि उनके साथ एक एक्सयूवी वाहन भी चल रहा था। वह उन्हें सुरक्षित सीमा पार कराने में मदद कर रहा था। इस सूचना के आधार पर पुलिस ने उक्त एक्सयूवी को भी जब्त कर उसके चालक को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान खास बात यह रही कि जब्त एक्सयूवी पर उत्तर प्रदेश का नंबर अंकित मिला तथा उस पर पुलिस का लोगो भी लगा हुआ है, जिससे पूरे मामले में कई संदेह उत्पन्न हो गए हैं। बताया जा रहा है कि यह वही एक्सयूवी है, जिसकी तलाश पुलिस पिछले दो दिनों से कर रही थी। सोमवार को कोडरमा रजौली मुख्य मार्ग (एनएच-20) पर एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी, जिसमें करीब 600 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद हुई थी। उस घटना के बाद एक एक्सयूवी वाहन मौके पर पहुंचा था और स्कॉर्पियो में सवार लोगों को लेकर फरार हो गया था। अब ताजा कार्रवाई के बाद दोनों मामलों के तार जुड़ते नजर आ रहे हैं। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है ओर कुछ भी कहने से बच रही है। वहीं गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

Related Post