जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजे की एक बड़ी खेप जब्त की है। बुधवार रात स्टेशन पर चलाए गए सघन जांच अभियान के दौरान आरपीएफ की टीम ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से करीब 75 किलो गांजा बरामद किया। तस्कर इस मादक पदार्थ को बेहद चालाकी से छिपाकर ले जा रहे थे, लेकिन सुरक्षाकर्मियों की सतर्कता के आगे उनकी योजना विफल हो गई।
तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे को प्लास्टिक के बड़े बोरों में छिपाया था। इन बोरों के बीच में गांजे के पैकेट रखे गए थे, जबकि ऊपर, नीचे और चारों ओर सोयाबीन बड़ी भर दी गई थी, ताकि किसी को शक न हो। सोयाबीन की गंध के सहारे तस्कर जांच से बचने की फिराक में थे, लेकिन आरपीएफ जवानों की पैनी नजरों ने इस अनोखे तरीके का भंडाफोड़ कर दिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अजय कुमार, रवि कुमार उर्फ बेंगा, मोहित कुमार सिंह और राजा सोनार उर्फ राज के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के पश्चिमी चंपारण जिले के बेतिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पूछताछ में सामने आया कि वे ओड़िशा के विभिन्न इलाकों से गांजा इकट्ठा कर टाटानगर पहुंचे थे और यहां से ट्रेन के जरिए बिहार के गोरखपुर और बेतिया में सप्लाई करने की तैयारी में थे।
यह कार्रवाई टाटानगर आरपीएफ पोस्ट कमांडर राकेश मोहन के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने की। छापेमारी के बाद जब्त गांजा और गिरफ्तार आरोपियों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रेल थाना (जीआरपी) टाटानगर को सौंप दिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के सरगना की तलाश में जुट गई है और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

