जमशेदपुर। शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों और सार्वजनिक स्थानों पर युवाओं की अड्डेबाजी पर लगाम लगाने के लिए जिला पुलिस ने अब सख्त रुख अपना लिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के निर्देश पर मंगलवार रात पूर्वी सिंहभूम जिले के विभिन्न शहरी थाना क्षेत्रों में एक साथ व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अभियान का मकसद कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करना था।
पुलिस की अलग-अलग टीमों ने शहर के कुल 82 चिन्हित स्थानों पर एक साथ दबिश दी। इन स्थानों में पार्क, सुनसान सड़कें, चौक-चौराहे, बाजार क्षेत्र और ऐसे ठिकाने शामिल थे जहां देर रात तक युवाओं के जमावड़े की शिकायत मिल रही थी। अभियान के दौरान पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों की गहन जांच-पड़ताल की और मौके पर मौजूद व्यक्तियों से पूछताछ की।
छापेमारी के दौरान कुल 88 संदिग्ध व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनका सत्यापन किया गया। पुलिस ने इनसे देर रात बाहर रहने के कारणों की जानकारी ली और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की। जिन लोगों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया जा सका, उन्हें कड़ी चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि कुछ संदिग्धों के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया भी शुरू की गई है।
अभियान के दौरान पुलिस ने सिर्फ व्यक्तियों पर ही नहीं, बल्कि संदिग्ध हालत में खड़े वाहनों पर भी कार्रवाई की। शहर के विभिन्न इलाकों से कुल 44 वाहनों को जब्त किया गया, जिनमें बिना कागजात, अवैध पार्किंग और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन शामिल थे। संबंधित वाहन चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।एसएसपी पीयूष पांडेय ने स्पष्ट किया है कि शहर की शांति और सुरक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

