Breaking
Wed. Apr 8th, 2026

जादूगोड़ा सीटीसी में प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध मौत, भड़का आक्रोश

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा स्थित कांस्टेबल ट्रेनिंग सेंटर (सीटीसी) में एक प्रशिक्षु जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे परिसर में हड़कंप मच गया। घटना के बाद साथी जवानों में भारी आक्रोश देखने को मिला और उन्होंने प्रशिक्षण केंद्र के अधिकारियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। मंगलवार देर रात तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा।

मृतक की पहचान बजरंगी यादव के रूप में हुई है, जो रांची जिला बल में कांस्टेबल के पद पर तैनात थे और वर्तमान में सीटीसी में प्रशिक्षण ले रहे थे। जानकारी के अनुसार, वे पिछले लगभग एक सप्ताह से बीमार थे। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे उनकी हालत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल यूसीआईएल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि इलाज के दौरान शाम करीब 4 बजे उनकी मौत हो गई।

जवान की मौत की खबर मिलते ही प्रशिक्षण केंद्र में मौजूद अन्य प्रशिक्षु भड़क उठे। उन्होंने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बजरंगी यादव लगातार अपनी खराब तबीयत के कारण छुट्टी की मांग कर रहे थे, लेकिन उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया गया। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि प्रशिक्षण केंद्र में छुट्टी मांगने पर सस्पेंड करने की धमकी दी जाती है और जवानों के साथ दुर्व्यवहार किया जाता है, जिससे वे मानसिक दबाव में रहते हैं।

प्रशिक्षु जवानों ने यह भी बताया कि उनकी परीक्षाएं सितंबर में ही पूरी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक पासिंग आउट परेड नहीं कराई गई है। इस देरी के कारण वे लंबे समय से अनिश्चितता और मानसिक तनाव झेल रहे हैं।

घटना के विरोध में जवानों ने केंद्र परिसर में नारेबाजी कर अपनी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि समय पर बजरंगी यादव को उचित इलाज या छुट्टी मिल जाती, तो संभवतः उनकी जान बचाई जा सकती थी। फिलहाल पूरे मामले को लेकर स्थिति संवेदनशील बनी हुई है और प्रशासन की ओर से किसी आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Related Post