Breaking
Wed. Apr 8th, 2026

जमशेदपुर में मारवाड़ी समाज का भव्य सम्मान समारोह: नगर निकाय चुनावों में विजयी जनप्रतिनिधियों का हुआ अभिनंदन

जमशेदपुर: मारवाड़ी समाज जमशेदपुर द्वारा मंगलवार को साकची स्थित अग्रसेन भवन में एक भव्य सम्मान समारोह सह अभिनंदन एवं स्वागत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य हाल ही में हुए नगर निकाय चुनावों में विजयी समाज के प्रतिनिधियों को सम्मानित करना था।

इस अवसर पर समाज की गौरव एवं मानगो नगर निगम की प्रथम महापौर सुधा गुप्ता, सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी, जुगसलाई नगर परिषद के वार्ड पार्षद सत्यनारायण अग्रवाल, सुरेश शर्मा, अनिल कुमार मोदी, शिल्पा ताड़िद्या तथा चाकुलिया नगर पंचायत की वार्ड सदस्य इंदु शर्मा को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता रहे। सभी सम्मानित अतिथियों को मारवाड़ी समाज की विभिन्न संस्थाओं की ओर से अंगवस्त्र, शॉल, पगड़ी, बुके एवं स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया।

समारोह की शुरुआत स्वागत गीत से हुई, जिसे महावीर अग्रवाल ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में समाज के कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे, जिनमें निर्मल काबरा, अशोक गुप्ता, नरेश मोदी, ओम प्रकाश रिंगसिया, रामकृष्ण चौधरी, उमेश शाह, विनोद मित्तल, नीरज मित्तल, चितु नागलोटिया, अभिषेक मालोटिया, विनोद टेबूका, विश्वनाथ माहेश्वरी, महेंद्र मोदी और अरुण बांकेवाल सहित अन्य प्रमुख लोग शामिल थे।

इसके अलावा महिला संगठनों द्वारा भी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े सदस्यों एवं पदाधिकारियों की सक्रिय भागीदारी से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Related Post