जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र स्थित शंकोसाई रोड नंबर-1 में एमजीएम अस्पताल के लिए बिछाई जा रही पानी की पाइपलाइन को लेकर मंगलवार देर रात जोरदार हंगामा हो गया। पाइपलाइन बिछाने के दौरान दर्जनों घरों के घरेलू जल कनेक्शन क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे इलाके में पिछले चार दिनों से पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई थी और लोग बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे थे।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि संवेदक और संबंधित अधिकारी क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत किए बिना ही जबरन काम जारी रखे हुए थे। विरोध करने पर लोगों को दबाव में लेने की कोशिश भी की गई। इससे नाराज होकर लोगों ने भाजपा के पूर्व नेता विकास सिंह को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही विकास सिंह मंगलवार रात करीब 11:15 बजे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने काम कर रहे संवेदक और अधिकारियों को फटकार लगाते हुए तत्काल पाइपलाइन का कार्य रुकवाया और पहले क्षतिग्रस्त घरेलू पाइपों की मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना मरम्मत किए काम जारी रखा गया तो संबंधित संवेदक और अधिकारियों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए देर रात प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। इसके बाद काम को अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
बुधवार सुबह जिला प्रशासन की पहल पर मरम्मत कार्य शुरू कराया गया। नगर निगम के अभियंता इंजीनियर जलालुद्दीन अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और टूटे हुए पाइपों की मरम्मत का काम शुरू हुआ। साथ ही स्थानीय लोगों को राहत देने के लिए पानी का टैंकर भी उपलब्ध कराया गया।
इस दौरान वार्ड पार्षद जितेंद्र साहू और रवि गोराई की देखरेख में मरम्मत और जलापूर्ति का कार्य संपन्न कराया जा रहा है। विकास सिंह ने कहा कि “जल ही जीवन है, और लोगों को संकट में डालकर कोई भी कार्य नहीं होने दिया जाएगा। पहले सभी क्षतिग्रस्त पाइपों की मरम्मत होनी चाहिए, उसके बाद ही नई पाइपलाइन का कार्य शुरू किया जाए।”
घटना के बाद इलाके में स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन स्थानीय लोगों में अभी भी प्रशासन और संवेदक के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।

