चाईबासा: मारवाड़ी युवा मंच, चाईबासा शाखा की ओर से विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शहीद पार्क गेट के समीप सुबह 6:00 बजे से 8:30 बजे तक स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में सिविल सर्जन के निर्देश पर सदर अस्पताल के कर्मचारियों की तैनाती की गई थी। इस दौरान कुल 50 लोगों की जांच की गई, जिसमें शुगर, ब्लड प्रेशर, हाइट, वजन और पल्स की जांच शामिल रही।
जांच के दौरान छह लोगों का शुगर स्तर अधिक पाया गया, जिन्हें इसे नियंत्रित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।
मंच के अध्यक्ष अविनाश खिरवाल ने बताया कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर प्रत्येक माह के तीसरे रविवार को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। साथ ही भविष्य में शिविर में और अधिक प्रकार की जांच सुविधाएं जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रांतीय संयोजक मुकेश मित्तल, निवर्तमान अध्यक्ष आशीष चौधरी, कार्यक्रम संयोजक मोहित अग्रवाल, रवि अग्रवाल, पीयूष गोयल, आदित्य राज अग्रवाल, प्रशांत मोहता, आलोक जैन और कुणाल दौराजका उपस्थित रहे।

