Breaking
Tue. Apr 7th, 2026

तुड़ी मौजा में अवैध कब्जे पर चला बुलडोजर, प्रशासन की सख्त कार्रवाई

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत तुड़ी मौजा में सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ मंगलवार को प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई पोटका की अंचलाधिकारी निकिता बाला के निर्देश पर की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुड़ी मौजा में ठेकेदार रंजीत मिश्रा, जमशेदपुर रिसोर्सेज प्राइवेट लिमिटेड और मनोज कुमार सिंह द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य किया जा रहा था। मामले की जानकारी मिलने के बाद अंचलाधिकारी ने जेपीएलई के तहत केस दर्ज करते हुए संबंधित पक्षों को निर्धारित समय सीमा के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया था।

हालांकि तय समय सीमा समाप्त होने के बावजूद किसी भी पक्ष ने अतिक्रमण नहीं हटाया। इसके बाद जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया। कार्रवाई के दौरान सीआई हेमंत कुमार और राजस्व कर्मचारी शांति राम षाड़ंगी को दंडाधिकारी के रूप में तैनात किया गया, वहीं भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे क्षेत्र को खाली कराया गया।

प्रशासनिक टीम ने मौके पर पहुंचकर रंजीत मिश्रा, मनोज कुमार सिंह और संबंधित कंपनी द्वारा किए गए अवैध निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया। पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराई गई।

अंचलाधिकारी निकिता बाला ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में जहां कहीं भी अतिक्रमण की सूचना मिलेगी, वहां प्रशासन इसी तरह सख्त कार्रवाई करेगा। उन्होंने बताया कि सभी अतिक्रमणकारियों को पहले ही नोटिस देकर समय दिया गया था, लेकिन निर्देशों का पालन नहीं करने पर मजबूरन यह कार्रवाई करनी पड़ी।

Related Post