*रांची:* राजधानी रांची में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ब्राउन शुगर की तस्करी में संलिप्त दो तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिपी सिंह मुंडा और गरूपदो सिंह मुंडा के रूप में हुई है। दोनों की गिरफ्तारी खरसीदाग इलाके से की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बाइक से नशीली दवाएं लेकर तुपुदाना की ओर से रिंग रोड होते हुए खरसीदाग आ रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए इलाके में घेराबंदी की और संदिग्ध बाइक को रोककर तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से 75 पुड़िया ब्राउन शुगर, दो मोबाइल फोन, 2200 रुपये नकद और एक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की गई। बरामद मादक पदार्थों के संबंध में जब वैध कागजात मांगे गए तो आरोपी कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि बरामद नकदी ब्राउन शुगर की बिक्री से प्राप्त हुई है।
आगे की पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री करते थे। वे पश्चिम बंगाल के पुरुलिया से नशीला पदार्थ लाकर रांची में संगठित गिरोह के माध्यम से इसका अवैध कारोबार चला रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में छापेमारी जारी है।

