Breaking
Mon. Apr 6th, 2026

सदर अस्पताल में तीन चोरी की घटनाएं, चार चोर रंगे हाथ पकड़े गए

चाईबासा: सदर अस्पताल चाईबासा में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने मरीजों और उनके परिजनों की चिंता बढ़ा दी है। बीते एक सप्ताह में हुई तीन अलग-अलग घटनाओं में कुल चार चोरों को रंगे हाथ पकड़ा गया है।

जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर में मोबाइल, पर्स और साइकिल चोरी की घटनाएं सामने आई हैं। पहली घटना 1 अप्रैल को हुई, जब दो युवकों को मोबाइल चोरी करते हुए लोगों और सुरक्षा कर्मियों ने मौके पर ही पकड़ लिया।

इसके बाद 3 अप्रैल को दूसरी घटना सामने आई, जिसमें एक युवक नर्सिंग कॉलेज परिसर में चोरी के इरादे से घुसा था। उसे भी सतर्कता के कारण पकड़ लिया गया।

तीसरी घटना में एक चोर साइकिल चोरी कर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन सुरक्षा गार्डों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

वहीं मोहम्मद जुनेद आलम झारखंड गृह रक्षक के जवान एवं सदर अस्पताल के गार्ड सहित अन्य सुरक्षा गार्डों का कहना है कि अस्पताल में मरीजों के साथ बड़ी संख्या में अटेंडर रहते हैं, जिससे असली और संदिग्ध लोगों की पहचान करना मुश्किल हो जाता है। इसी का फायदा उठाकर चोर वारदात को अंजाम देने की कोशिश करते हैं।

गार्डों ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को पुलिस को सौंपा जाता है, लेकिन अधिकतर मामलों में लिखित शिकायत नहीं होने के कारण वे जल्द ही छूट जाते हैं। इससे चोरों का मनोबल बढ़ रहा है।

लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद अस्पताल प्रशासन और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठने लगी है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Related Post