चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित सारंडा जंगल में सोमवार सुबह एक बार फिर नक्सलियों की साजिश सामने आई, जहां सर्च ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों को निशाना बनाते हुए लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। इस घटना में कोबरा 205 बटालियन के जवान अनुज कुमार घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, बालिबा गांव के पास चडरा डेरा जंगल क्षेत्र में कोबरा बटालियन के जवान नियमित तलाशी अभियान पर निकले थे। इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिसकी चपेट में आने से जवान अनुज कुमार घायल हो गए। साथ मौजूद अन्य जवानों ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार दिया और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।
घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची लाने की तैयारी की गई है, जहां उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाएगा। इधर, रांची में भी पुलिस और प्रशासन की टीम ने उनके इलाज को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बलों ने सतर्कता बढ़ा दी है और सर्च ऑपरेशन को और तेज कर दिया गया है। आसपास के जंगलों में कॉम्बिंग अभियान चलाकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। सुरक्षा बल यह भी पता लगाने में जुटे हैं कि आईईडी किसने और कब लगाया।
सारंडा का यह इलाका पहले से ही नक्सल गतिविधियों के लिए संवेदनशील रहा है। घने जंगल और दुर्गम इलाके के कारण यहां सुरक्षा बलों को अभियान चलाने में काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ता है। इस ताजा घटना ने एक बार फिर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है, हालांकि सुरक्षा बल पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान में जुटे हुए हैं।

